सहारनपुर। जनपद के थाना नागल क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और देखते ही देखते शादी का माहौल मारपीट और पथराव में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूसे, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलाए। घटना में बुजुर्गों और महिलाओं तक को नहीं छोड़ा गया। मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, थाना नागल क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में भिक्कनपुर गांव निवासी आनंद के पुत्र पंकज की शादी गांगनोली निवासी राजसिंह की पुत्री के साथ हो रही थी। शादी की रस्में संपन्न होने के बाद बारात की विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग आमने-सामने आ गए और समारोह स्थल पर ही मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। मारपीट पैलेस से बाहर सड़क तक पहुंच गई, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान कुछ लोगों ने बुजुर्गों और महिलाओं के साथ भी मारपीट कर दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों में से कुछ लोगों का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया, जबकि भिक्कनपुर निवासी लगभग 18 वर्षीय अनिकेत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश लोग मौके से जा चुके थे। पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाई और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का काम शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group