मुजफ्फरनगर, 2 अप्रैल 2026। जनपद मुजफ्फरनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली में गुरुवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए डॉक्टरों व कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया खुद ओपीडी में बैठ गए और मरीजों को देखना शुरू कर दिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के कारण उन्होंने काफी संख्या में पहुंचे मरीजों की जांच की और उन्हें उपचार व जरूरी सलाह दी। मरीजों ने सीधे सीएमओ से इलाज मिलने पर खुशी जताई और इसे अच्छी पहल बताया।
इस दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि अगर कोई जरूरी सरकारी बैठक या कार्य नहीं होगा तो वे हर बृहस्पतिवार को सीएचसी सिसौली में आकर ओपीडी में मरीजों को देखेंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टर की सुविधा यहीं मिल सके और उन्हें शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सीएमओ ने अस्पताल स्टाफ को साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को समय पर इलाज देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर इलाज मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से यह भी अपील की गई कि किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जन शिकायत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिससे समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group