गाजियाबाद। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब सवा किलो गांजा और नकदी बरामद की है। पुलिस अब इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बंगाली कॉलोनी के पास तिकौना पार्क क्षेत्र में एक महिला नशीला पदार्थ बेचने के इरादे से घूम रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को घेरकर पकड़ लिया।
महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से लगभग 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से कुछ नकदी भी मिली, जिसे पुलिस नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त रकम मान रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने अपना नाम साहिदा उर्फ मुन्नी, पत्नी आसिफ, निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से गांजा खरीदकर गाजियाबाद लाती थी और यहां अलग-अलग इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचती थी। उसने यह भी बताया कि इस काम में उसकी एक अन्य महिला साथी भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है और काफी समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला गांजा कहां से लाती थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group