मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में शादी समारोह के दौरान चोरी की हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शादी में खाना बनाने आए नानबाइयों की टीम के साथ आया एक युवक रात के समय छत के रास्ते दो घरों में घुस गया और वहां से जेवर, मोबाइल फोन व अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह सामान बरामद होने पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला लोकुपुरा दक्षिणी निवासी शहजाद मलिक के यहां उनकी बेटी तमन्ना की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी में खाना बनाने के लिए मुजफ्फरनगर से नानबाइयों की एक टीम बुलाई गई थी, जिन्हें पास में रहने वाले असलम के मकान में ठहराया गया था। रात में शादी का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग सो गए।
बताया गया कि देर रात नानबाइयों की टीम में शामिल एक युवक छत के रास्ते असलम के घर में घुस गया और वहां रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपी पास में स्थित उमरदीन के मकान में पहुंच गया, जहां से उसने एक मोबाइल फोन और दान पात्र भी उठा लिया। बताया जाता है कि जब वह अलमारी खोलने की कोशिश कर रहा था, तभी घर में सो रही महिला कमरुन्निसा को आहट हो गई। महिला के जागने पर आरोपी वहां से भागकर वापस अपने सोने वाले स्थान पर जाकर लेट गया।
सुबह जब घर के लोगों को सामान चोरी होने की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। शक होने पर नानबाइयों के सामान की तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी युवक के बैग से चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद हो गए। तलाशी के दौरान उसके कपड़ों में छिपाए गए जेवर भी मिल गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना पर पहुंची भोपा थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई और पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की पहचान, पते और उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group