मुजफ्फरनगर। थाना छपार पुलिस ने अपनी ही दो नाबालिग पुत्रियों के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर और थाना प्रभारी छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि 2 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र छपार की एक महिला ने थाने में लिखित तहरीर देकर अपने पति पर अपनी ही दो नाबालिग पुत्रियों के साथ गलत कार्य करने का गंभीर आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर थाना छपार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी दौरान पुलिस टीम बटेड़ी-दतियाना मार्ग पर रजवाहे के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़कर तेजी से जाने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी सोनू पुत्र नारायण निवासी बेहड़ा सादात थाना ककरौली, हाल निवासी सुंदर नगर बामनहेड़ी पुल के पास थाना छपार, घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में भी अपनी नाबालिग पुत्री के साथ गलत कार्य करने के मामले में थाना भोपा से जेल जा चुका है। आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रोहताश कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल वीरेन्द्र और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को सराहनीय कार्य माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group