सरधना (मेरठ)। थाना सरधना क्षेत्र के नाहली गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि दबंग पक्ष के कई लोग एक घर में जबरन घुस आए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले सरधना सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल मेरठ रेफर किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हमलावरों की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नाहली गांव निवासी आमिर पुत्र कामिल अपने घर पर मौजूद थे। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपित पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मुकीम, नदीम, ताजिम और मोहसिन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में मुकीम और आमिर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आईं। बताया जाता है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि मारपीट की पूरी घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group