ग्रेटर नोएडा। बहुमंजिला आवासीय परिसर सुपरटेक ईकोविलेज-1 में लिफ्ट से जुड़ा गंभीर हादसा हो गया। 65 वर्षीय रीना प्रसाद अपनी दो नातिन-नाती के साथ टॉवर की ऊपरी मंजिल से नीचे आ रही थीं, तभी अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद लिफ्ट तेज झटके के साथ नीचे खिसक गई। बताया गया कि लिफ्ट 13वीं मंजिल से सीधे 8वीं मंजिल तक आकर झटके से रुकी, जिससे बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आईं।
परिजनों के अनुसार हादसे के समय लिफ्ट के भीतर अचानक अंधेरा छा गया और कुछ ही क्षणों में तेज झटका लगा। झटके के कारण रीना प्रसाद गिर पड़ीं और उनके पैर में कई जगह फ्रैक्चर हो गया। बच्चों को मामूली चोटें आईं, लेकिन वे सुरक्षित हैं। घटना के बाद सोसायटी के सुरक्षाकर्मियों और निवासियों ने दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला।
घायल महिला को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पैर में चार फ्रैक्चर की पुष्टि की है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, किंतु आगे शल्य चिकित्सा की आवश्यकता पड़ सकती है।
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि लिफ्टों की नियमित जांच और रखरखाव को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। परिजनों ने प्रबंधन और रखरखाव एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। निवासियों ने संबंधित प्राधिकरण से सोसायटी की सभी लिफ्टों का तकनीकी परीक्षण कराने और सुरक्षा मानकों की समीक्षा कराने की मांग उठाई है।
