मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गन्ने के खेतों के बीच चल रही अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने व अधबने तमंचे, हथियार बनाने के उपकरण और मशीनें बरामद करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बुढ़ाना क्षेत्र के मंदवाड़ा रोड के पास गन्ने के खेत में अस्थायी रूप से अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने खेत की घेराबंदी कर छापा मारा, जहां दो युवक तमंचे तैयार करते हुए मिले। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम निवासी जौला और महताब निवासी कुल्हेड़ी (वर्तमान निवास न्याजूपुरा, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से कई तैयार देशी तमंचे, कई अधबने तमंचे, लोहे की नाल, स्प्रिंग, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पुलिस से बचने के लिए आबादी से दूर खेतों में जगह बदल-बदल कर तमंचे बनाते थे और फिर उन्हें मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, सहारनपुर, हरिद्वार और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। एक तमंचा 3 हजार से 10 हजार रुपये तक में बेचा जाता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और इनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group