मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में रिक्रूट आरक्षियों के लिए तीन दिवसीय योग, ध्यान एवं प्राणायाम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी योग शिक्षिका डा० नीलम राय द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस कर्मियों के लिए मानसिक संतुलन बनाए रखना, तनाव को नियंत्रित करना और सकारात्मक सोच विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग, ध्यान और प्राणायाम जैसे कार्यक्रम पुलिस कर्मियों को मानसिक शांति देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को पूरे मनोयोग के साथ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डा० नीलम राय ने योग एवं ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान करने से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे व्यवहार, कार्यक्षमता और मानसिक स्थिति में सुधार आता है।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा रिक्रूट आरक्षियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं तनाव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य रिक्रूट आरक्षियों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित योग प्रशिक्षक, रिक्रूट आरक्षी एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group