मुजफ्फरनगर, 3 अप्रैल 26। जनपद मुजफ्फरनगर के पावन तीर्थ स्थल शुक्रताल स्थित बड़ा गुरु रविदास मंदिर में शुक्रवार को श्री 1008 श्री मंगलानंद जी महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर भव्य सत्संग एवं आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सत्संग कार्यक्रम के दौरान आयोजित आम सभा की अध्यक्षता स्वामी सत्यानंद जी महाराज ने की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनिश्चित है और भविष्य का कोई भरोसा नहीं होता, इसलिए मंदिर और समाज की व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए अपने जीवनकाल में ही उत्तराधिकारी घोषित करना आवश्यक है।
इस दौरान समाज के लोगों द्वारा सर्वसम्मति से स्वामी सतीश दास जी महाराज, सती अनसूया धाम शुक्रताल का नाम प्रस्तावित किया गया। प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए स्वामी सत्यानंद जी महाराज ने आम सभा में स्वामी सतीश दास जी महाराज को अपना उत्तराधिकारी तथा बड़ा गुरु रविदास मंदिर शुक्रताल का महंत घोषित कर दिया।
घोषणा के साथ ही स्वामी सतीश दास जी महाराज को मंदिर के सभी धार्मिक एवं संचालक कार्यों की भविष्य में देखरेख की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाराज जी को बधाई दी और मंदिर के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group