मुजफ्फरनगर, 04 अप्रैल 2026। तहसील सदर परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां जिलेभर से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में बिजली, समाज कल्याण, राशन कार्ड, जमीन विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क और पुलिस से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर करें और शिकायतकर्ता से संतुष्टि की पुष्टि भी लें।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण हर हाल में किया जाए। यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दी जाए। निस्तारण में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए और कहा कि शिकायत को अपलोड करने से पहले ठीक से पढ़ा जाए, ताकि सही कार्रवाई हो सके।
समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार सदर समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
