मुजफ्फरनगर, 4 अप्रैल 2026। शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारम्भ अवसर पर जनपद में “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के साथ एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसमें शिक्षा के महत्व और शत-प्रतिशत नामांकन पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान बच्चों को नई पाठ्य-पुस्तकें एवं स्कूल बैग भी वितरित किए गए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा सामाजिक और आर्थिक समानता का सबसे बड़ा माध्यम है, इसलिए कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री के संदेश में विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विकास, ड्रॉप आउट कम करने, यूनिफॉर्म, जूते, बैग एवं डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का उल्लेख किया गया। साथ ही अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि विद्यालय खुलने से पहले साफ-सफाई और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा स्कूल नहीं जा रहा है तो उसके परिवार से संपर्क कर उसे स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। कार्यक्रम के अंत में स्कूल चलो अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group