मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदूमपुर गंगा घाट पर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया जब एक ही परिवार के चार किशोर गंगा नदी में नहाते समय डूब गए। सभी युवक अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने परिवार के साथ घाट पर आए थे। घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना इंचौली क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी एक बुजुर्ग महिला का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार के लोग मखदूमपुर गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद परिवार के कुछ किशोर गंगा में स्नान करने चले गए। इसी दौरान अचानक तेज बहाव में पांच युवक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव का प्रयास किया। मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए एक किशोर को किसी तरह पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी चार किशोर गंगा की तेज धारा में बह गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया।
डूबने वाले युवकों की पहचान हिमांशु, दीपांशु, प्रियांशु और अभिषेक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों आपस में चचेरे भाई थे और सभी पढ़ाई कर रहे थे। घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा घाट की ओर पहुंच गए।
पुलिस और गोताखोरों द्वारा देर शाम तक सर्च अभियान चलाया गया। प्रशासन ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत से जलालपुर गांव में चूल्हे तक नहीं जले और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group