मुजफ्फरनगर, 5 अप्रैल 26। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव पिनना में 15 लाख रुपये की कथित लूट की सूचना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अज्ञात बदमाश घर में घुस आए, उसके पति और बच्चों को बंधक बना लिया और नकदी व लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना को संदिग्ध मानते हुए कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार गांव पिनना निवासी महिला शिवानी ने बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान 3-4 अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। घर में मौजूद उसके पति रवि कुमार और बच्चों को बदमाशों ने डराकर एक कमरे में बैठा दिया और अलमारी व संदूक के ताले तोड़ दिए। आरोप है कि बदमाश घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और जमीन में छिपाकर रखे गए आभूषण भी निकालकर ले गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाद में क्राइम ब्रांच और एसओजी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि करीब 15 लाख रुपये की नकदी और जेवरात बदमाश लूटकर ले गए हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की सूचना देर से दी गई है और कुछ परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। पुलिस पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
