
मेरठ। जिले में तीन युवकों की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले जहरीली शराब से मौत माना जा रहा था, वह दरअसल हत्या की सुनियोजित साजिश निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की अपनी सगी बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर शराब में जहर मिलाया था। जहरीली शराब पीने से भाई सहित उसके दो दोस्तों की भी मौत हो गई।
यह घटना मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी की है। मृतकों की पहचान अंकित कुमार (28 वर्ष) पुत्र रामपाल, जितेंद्र उर्फ जीतू (30 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह और बाबूराम (32 वर्ष) पुत्र राजवीर निवासी दौराला क्षेत्र के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे।
पुलिस के अनुसार, अंकित की बहन अलका का क्षेत्र के ही युवक पवन उर्फ पोली से प्रेम संबंध चल रहा था। अंकित इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था और कई बार दोनों को मिलने से रोक चुका था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। प्रेम संबंध में बाधा बनने पर अलका और उसके प्रेमी पवन ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
योजना के तहत पवन एक शराब की बोतल लेकर आया और अलका ने सिरिंज की मदद से शराब में जहरीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद वह शराब अंकित को दे दी गई। योजना थी कि अंकित अकेले शराब पीएगा और उसकी मौत हो जाएगी, जिससे मामला सामान्य लगेगा। लेकिन अंकित शराब लेकर अपने दोस्तों जितेंद्र और बाबूराम के पास चला गया, जहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी ली।
शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टियां होने लगीं और वे बेहोश हो गए। परिजन और आसपास के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में जहरीली शराब से मौत की चर्चा फैल गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच में शराब में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने जब अंकित की बहन अलका से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने प्रेमी पवन के साथ मिलकर शराब में जहर मिलाने की बात कबूल कर ली।
एसपी सिटी मेरठ ने बताया कि आरोपी बहन अलका और उसके प्रेमी पवन उर्फ पोली को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
