मुजफ्फरनगर, 5 अप्रैल 2026। जनपद मुजफ्फरनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। विशेष रूप से मोरना क्षेत्र के मजलिसपुर तौफिर, और आसपास के गांवों में दिन के समय गिरे ओलों से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अचानक हुई ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और सब्जी की फसल सबसे अधिक प्रभावित बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार दोपहर में अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद मटर के दाने के आकार के ओले गिरने लगे, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल झुक गई और कई जगह फसल जमीन पर बिछ गई।
किसानो ने बताया कि फसल कटाई के लिए लगभग तैयार थी, लेकिन ओलावृष्टि ने काफी नुकसान कर दिया। वहीं तौफिर के किसान ने बताया कि सरसों और सब्जी की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द सर्वे नहीं हुआ तो छोटे किसानों की स्थिति खराब हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में अचानक बदलाव के कारण कुछ स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि की संभावना पहले से जताई गई थी
