मुजफ्फरनगर(आकाश तायल),5 अप्रैल 2026। जनपद में वारंटी अभियुक्तों और शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘चक्रव्यूह’ के तहत खतौली थाना पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने अभियुक्त को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शहजाद पुत्र इमत्याज, निवासी मोहल्ला इस्लामाबाद भूड़, थाना खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। अभियुक्त की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई गई है। उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एफटीसी मुजफ्फरनगर द्वारा वारंट जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बताया गया कि थाना खतौली पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर अभियुक्त को उसके मकान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को नियत समय पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
यह अभियान जनपद में उच्च अधिकारियों के निर्देशन में लगातार चलाया जा रहा है। अभियान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर, पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी खतौली के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद, उपनिरीक्षक प्रदीप नारायण, कांस्टेबल प्रवीण कुमार तथा कांस्टेबल अजीत कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group