
मुजफ्फरनगर, 5 अप्रैल 2026। जनपद में लग रहे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया खुद मैदान में उतर गए और रविवार को कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवा वितरण, टीकाकरण और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावला, मंसूरपुर, जड़ौदा, बडसू और बोपाडा पहुंचकर ओपीडी व्यवस्था, दवा स्टॉक, रजिस्टरों का रख-रखाव और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन की स्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से भी बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी मरीजों को समय पर इलाज और दवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य गांव और गरीब तक मुफ्त और बेहतर इलाज पहुंचाना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जहां कुछ कमियां मिलीं, वहां तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।
सीएमओ ने कहा कि आगे भी जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों का इसी तरह लगातार निरीक्षण किया जाएगा, ताकि आम जनता को सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
