
मुजफ्फरनगर, 5 अप्रैल 2026। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता (लगभग 50 वर्ष) पत्नी ओमपाल सिंह, निवासी गांव मंदौड़, थाना सरसावा, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि सुनीता किसी कार्य से मुजफ्फरनगर आई हुई थीं और रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर वापस अपने घर जा रही थीं। जब ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई तो वह जल्दी में ट्रेन में चढ़ने लगीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला का पैर ट्रैक के बीच फंस गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना होते ही मौके पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया और ट्रेन रुकवाई गई, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह घायल हो चुकी थीं। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (आरपीएफ) और जीआरपी मौके पर पहुंच गई और घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार महिला के शरीर से काफी अधिक खून बह चुका था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मुजफ्फरनगर पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रेलवे पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
