मुजफ्फरनगर, 6 अप्रैल 26। जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर कार चढ़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे सिपाही को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नई मंडी पुलिस की टीम बागोवाली चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ईको कार सीएनजी पंप की ओर से गलत दिशा में आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोककर पूछताछ की और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जाता है कि कार में सवार युवक जावेद निवासी मोहल्ला जसवंतपुरी पुलिस कार्रवाई से नाराज हो गया और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगा। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगी। इसी बीच उसका भाई सावेज, जो कार चला रहा था, मौके पर पहुंच गया।
आरोप है कि जावेद के उकसाने पर सावेज ने कार को तेजी से आगे बढ़ाकर पुलिस की चीता मोबाइल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर मौजूद सिपाही मुनेन्द्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सिपाही बबलू को भी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों जावेद और सावेज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों पर हमला और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
