मुजफ्फरनगर, 06 अप्रैल 26। जनपद मुजफ्फरनगर की थाना भोपा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की स्पलेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। इस कार्रवाई में अपराधियों की पहचान के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के “यक्ष एप” की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत बाजपेई एवं थाना प्रभारी भोपा जसवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को मनीष कुमार पुत्र बिनोद कुमार निवासी पंचायत डल डाक जीवना थाना रतनपुरी ने थाना भोपा में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनकी स्पलेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी 12 एएच 8205 को ग्राम कासमपुरा स्थित राजधानी पेपर प्रोडक्शन कंपनी के पास से चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना भोपा पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान अपराधियों की पहचान के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित “यक्ष एप” का उपयोग किया गया, जिसमें अपराधियों का डाटाबेस उपलब्ध रहता है। संदिग्ध व्यक्तियों का डाटा मिलान करने पर अभियुक्तों की पहचान सुनिश्चित हुई और पुलिस ने 6 अप्रैल को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फराद उबैद पुत्र समसूल इस्लाम निवासी ककरौली तथा फिरोज पुत्र बालू इकबाल निवासी ककरौली थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जबकि फराद उबैद पर भी हत्या के प्रयास सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना भोपा पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group