मुजफ्फरनगर, 6 अप्रैल 2026। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का बताते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना 2027 एक राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देशित किया कि मास्टर ट्रेनरों को पुनः प्रशिक्षण देकर उन्हें पूरी तरह तैयार किया जाए, ताकि आगे प्रगणकों को सही तरीके से प्रशिक्षण दिया जा सके।
बैठक में उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन प्रगणकों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी कार्य क्षमता की जांच कर ली जाए और सभी प्रगणकों को समय से प्रशिक्षण तथा जनगणना सामग्री उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनगणना से संबंधित सभी प्रेषणों और दिशा-निर्देशों को संबंधित अधिकारी भली-भांति पढ़कर समझ लें, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों तथा शहरी क्षेत्रों में सभासदों के साथ बैठक कर आम जनता को जनगणना 2027 के बारे में अधिक से अधिक जानकारी दी जाए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि स्कूलों और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को जनगणना के महत्व और प्रक्रिया की जानकारी दी जाए।
इसके अलावा निर्देश दिए गए कि जनपद में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक मेलों और अन्य आयोजनों में जनगणना से संबंधित स्टॉल लगाए जाएं, मंच से घोषणाएं कराई जाएं और सूचना एवं संचार सामग्री वितरित की जाए। साथ ही मॉल, रोडवेज बसों, रेलवे स्टेशनों, पेट्रोल पंप, सामुदायिक शौचालयों और सिनेमा घरों में बैनर, स्टिकर एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को जनगणना 2027 की प्रक्रिया, मकान सूचीकरण और गणना कार्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group