लखीमपुर खीरी, 6 अप्रैल 2026। जनपद लखीमपुर खीरी के सिविल कोर्ट परिसर में सोमवार को दिनदहाड़े एक अधिवक्ता को गोली मार दिए जाने से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बाइक से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल अधिवक्ता की पहचान जितेंद्र राज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन पर गोली चलाने वाला व्यक्ति भी अधिवक्ता है और दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन और खेत में पानी के निकास को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सोमवार को सिविल कोर्ट परिसर में दोनों आमने-सामने आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अधिवक्ताओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान आरोपी अधिवक्ता ने तमंचा निकालकर जितेंद्र राज पर फायर कर दिया। गोली सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
बताया जाता है कि गोली लगने के बाद घायल अधिवक्ता ने खुद अपने घाव पर कपड़ा दबाकर खून रोकने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय घायल को बाइक पर बैठाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते इलाज शुरू हो सका। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता की तलाश शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को ही घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस घटना के बाद कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और हथियारों की जांच व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
