राजधानी लखनऊ के बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमित चेकिंग के दौरान एक महिला के बैग से बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक महिला मेट्रो स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए सुरक्षा जांच से गुजर रही थी। बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन किए जाने पर उसमें संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बैग की मैन्युअल जांच की, जिसमें कुल 53 जिंदा कारतूस और 10 खोखे बरामद हुए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान प्रतिभा पाल (43 वर्ष) निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि यह बैग उसके पति का है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और उनका हाल ही में निधन हो चुका है। हालांकि, बरामद कारतूसों के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
इस मामले में महानगर थाना पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर अनुराग कुमार सिंह की तहरीर पर महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर कारतूस महिला के पास कैसे पहुंचे और उनका उद्देश्य क्या था।
