मुज़फ्फरनगर। जनपद के छपार थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव रेता नगला में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तथा उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
मृतका की पहचान शालू (21) पुत्री स्वर्गीय राजवीर निवासी रेता नगला के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार युवती ने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों का कहना है कि जब घटना की जानकारी हुई तो उसे तुरंत नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घर के भीतर के हालात को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
बताया गया है कि युवती के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है। वह अपनी मां, तीन भाइयों और एक बहन के साथ रहती थी।
