मुजफ्फरनगर, 7 अप्रैल 2026। बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव के खतरे को देखते हुए जनपद प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं और समन्वित कार्य योजना पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने निर्देश दिए कि हीट वेव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, डॉक्टरों एवं प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक की अवधि अत्यधिक संवेदनशील होती है, ऐसे में इस समय खुली धूप में निकलने से बचें। उन्होंने तंग कपड़े न पहनने, बासी भोजन से परहेज करने और किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी। इसके अलावा बच्चों और पशुओं को बंद वाहनों में न छोड़ने की भी चेतावनी दी गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी गजेन्द्र कुमार ने बताया कि गर्मी में लापरवाही हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। उन्होंने लोगों से अधिक मात्रा में पानी पीने और आसपास के पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की।
परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा पशुपालन, वन, अग्निशमन, शिक्षा, नगर निकाय, पंचायत राज, पुलिस, राजस्व, जल निगम, आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा, सिंचाई एवं कृषि विभाग को भी उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंप दी गई हैं।
बैठक के दौरान अनुपस्थित अधिकारियों पर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए उनका स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हीट वेव से निपटना शासन की प्राथमिकता में शामिल है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
आपात स्थितियों से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। किसी भी आपदा की स्थिति में आमजन टोल फ्री नंबर 1077, 01312436918 और 9412210080 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, एआरएम रोडवेज प्रभात कुमार सिन्हा, तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
