
मुजफ्फरनगर, 07 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर आधारित विशेष अभियान मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में मंगलवार को एक अनूठे कार्यक्रम “एक दिन की जिलाधिकारी” का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से रूबरू कराना और उनमें नेतृत्व, आत्मविश्वास व निर्णय क्षमता का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित मेधावी बालिकाओं ने प्रशासनिक पदों की सांकेतिक जिम्मेदारी संभालते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दिव्यांशी यादव ने जिलाधिकारी (DM) की भूमिका निभाई, जबकि प्रिया यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का दायित्व संभाला। इसी क्रम में मानशी वर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO), आरती ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अंजली सक्सेना ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), एंजेल कपिल ने सिटी मजिस्ट्रेट तथा शगुन वर्मा ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के पद की जिम्मेदारी निभाई।
इस दौरान बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि किस प्रकार जनसमस्याओं का समाधान किया जाता है, शासन की योजनाएं कैसे लागू होती हैं और प्रशासनिक निर्णय किस आधार पर लिए जाते हैं। साथ ही छात्राओं को महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि “मिशन शक्ति 5.0” का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें सशक्त बनाना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है। इस अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाई जा रही है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी बालिकाओं को डिक्शनरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम ने छात्राओं में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि जगाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।


