मेरठ। जनपद मेरठ के दौराला क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब स्कूली बच्चों से भरी बस काली नदी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में 35 से अधिक बच्चे सवार थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही काली नदी के नजदीक मोड़ पर पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस के पलटते ही बच्चों में हड़कंप मच गया और कई बच्चे अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। इस दौरान करीब 10 से अधिक घायल बच्चों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बाकी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया और बस को सीधा कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे असंतुलन को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group