मुज़फ्फरनगर। जनपद पुलिस ने गौकशी के मामलों में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में चली गोली उसके पैर में लग गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना तितावी क्षेत्र में देर रात गश्त के दौरान हाईवे पर संदिग्ध वाहन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी किए जाने पर उसने तमंचा निकालकर पुलिस दल पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गुफरान पुत्र नजीर अहमद उर्फ बोता निवासी तितावी क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस अभिलेखों के मुताबिक उस पर गौकशी, गैंगस्टर अधिनियम, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी सहित एक दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था और अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। मुठभेड़ के बाद उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा स्कूटी बरामद की गई है।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए बघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group