मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में बिरालसी-रोनी हरजीपुर नहर पटरी पर स्थित लालूखेड़ी मार्ग का एक हिस्सा अचानक बीच से ध्वस्त हो गया, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। यह सड़क दो जनपदों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसके बंद होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व भी इसी मार्ग का मध्य हिस्सा कट गया था, जिसके बाद अस्थायी रूप से मरम्मत की गई थी। लेकिन इस बार सड़क का बड़ा हिस्सा धंस जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क के बीचों-बीच गहरा कटाव होने से किसी भी प्रकार के वाहन का निकलना असंभव हो गया है।
इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर मंडियों की ओर जाते हैं, वहीं ग्रामीणों की आवाजाही भी इसी रास्ते से होती है। सड़क ध्वस्त होने के कारण किसानों को लंबा चक्कर लगाकर वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं। इसका सीधा असर किसानों की दिनचर्या और कृषि कार्यों पर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group