मुजफ्फरनगर, 8 अप्रैल 2026। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एस.डी. पब्लिक स्कूल, जानसठ रोड पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष उमेश मिश्रा के निर्देशन में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता एस.डी. कॉलेज की प्राचार्या नीलम महाना ने की, जबकि संचालन ज्योति वर्मा द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने आधुनिक चिकित्सा में विज्ञान की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में हुए वैज्ञानिक नवाचारों ने स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि विज्ञान न केवल मानव बल्कि पशु-पक्षियों और वनस्पतियों के लिए भी समान रूप से उपयोगी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें, लेकिन उपचार एवं निगरानी के लिए योग्य चिकित्सकों की सलाह को प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक अरोड़ा ने अपने विचार रखते हुए रेड क्रॉस की गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक प्रयासों के कारण भारत पोलियो उन्मूलन में सफल हुआ है, हालांकि वैश्विक स्तर पर अभी भी कुछ देशों में यह बीमारी मौजूद है, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में रेड क्रॉस की सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए स्थानीय स्तर पर इसके विस्तार की योजनाओं की जानकारी दी।
संगोष्ठी में मनोवैज्ञानिक मनोज पांडे ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में जूनियर रेड क्रॉस इकाई के गठन की घोषणा भी की गई। संयोजक अंशुमन शर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक शर्मा, पब्लिक इमेज कोऑर्डिनेटर डॉ. संजय अग्रवाल, कार्यालय अधीक्षक शिव बहादुर, शिवानी गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
अंत में प्राचार्या नीलम महाना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए निकट भविष्य में जनपद के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group