मुज़फ्फरनगर, 18 फरवरी 26। जनपद के पुरकाजी क्षेत्र में विद्युत विभाग के खिलाफ किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। बिजली कनेक्शन जारी करने के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों और सैकड़ों किसानों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
किसानों का आरोप है कि पुरकाजी उपखंड के अंतर्गत बरला और बसेड़ा बिजलीघर में तैनात कुछ कर्मचारी ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद फाइल आगे बढ़ाने में टालमटोल कर रहे हैं। आरोप है कि किसानों से कथित रूप से मोटी रकम की मांग की जाती है, अन्यथा महीनों तक कनेक्शन लंबित रखा जाता है।
प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी जोगिंदर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम किसान पहले ही सिंचाई, डीजल और खाद की बढ़ती लागत से परेशान हैं। ऐसे में यदि बिजली कनेक्शन के नाम पर उनसे अवैध धन वसूला जाएगा तो यह सीधा शोषण है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर दोषियों को निलंबित करने की मांग की।
करीब दो घंटे तक चले धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर जांच समिति गठित कर कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो यूनियन बड़े आंदोलन की रणनीति बनाएगी।
वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी कनेक्शन शासनादेश के अनुसार दिए जा रहे हैं और यदि किसी कर्मचारी पर ठोस प्रमाण के साथ शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। अधिशासी अभियंता ने किसानों को आश्वासन दिया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लंबित आवेदनों की समीक्षा कराई जाएगी।
