मुजफ्फरनगर। जनपद के फुगाना थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव खरड़ में कथित जमीन कब्जे के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने से आक्रोशित ग्रामीणों और भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय मामले को टाल रही है, जिससे पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिल पा रहा।
पीड़ित पक्ष की ओर से गांव खरड़ निवासी मनोज, मिंटू और रमेश ने बताया कि गांव के ही कृष्णपाल द्वारा उनकी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी मोटरसाइकिल छीन ली गई, लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कदम नहीं उठाए।
प्रदर्शन के दौरान मोहन प्रजापति ने कहा कि सरकार द्वारा भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर इनका पालन नहीं हो रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई और जमीन को कब्जामुक्त नहीं कराया गया, तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगा।
प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group