मुजफ्फरनगर, 9 अप्रैल 26। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मल्लूपुरा इलाके में एक सुनियोजित चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। अज्ञात चोर एक मकान से करीब 12 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। यह रकम घर मालिक ने अपनी बेटियों की शादी के लिए जुटाकर रखी थी।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक मोहम्मद चांद परिवार सहित खालापार क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान खाली पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने प्रवेश किया। करीब दो घंटे बाद जब परिवार वापस लौटा तो घर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए।
बताया गया कि मकान की ऊपर बनी ममठी का गेट खुला मिला और अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी करीब 12 लाख रुपये की नकदी गायब है।
पीड़ित मोहम्मद चांद ने बताया कि यह रकम उन्होंने बेटियों के विवाह के लिए बड़ी मेहनत से एकत्र की थी। नजदीक में ही शादी प्रस्तावित होने के कारण यह घटना परिवार के लिए गहरा आघात बन गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस वारदात से चिंतित नजर आए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
