मुजफ्फरनगर। जनपद के जानसठ कस्बे में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां घर के पास खेल रहे एक मासूम बच्चे की बिजली के ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि करीब 5 वर्षीय बालक सव्यन अपने घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में लगे ट्रांसफार्मर के नजदीक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर पर्याप्त रूप से सुरक्षित नहीं था, जिसके कारण बच्चा अचानक करंट की चपेट में आ गया। झटका इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, मासूम की मौत से परिवार में गहरा सदमा है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष भी देखने को मिला। उनका आरोप है कि क्षेत्र में कई जगहों पर ट्रांसफार्मर खुले और असुरक्षित हालात में रखे हुए हैं, जिनकी ओर संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों की जांच कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
