मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 12 लाख रुपये की कथित चोरी की सूचना ने बुधवार को पुलिस महकमे में हलचल मचा दी, लेकिन त्वरित जांच में पूरा मामला झूठा निकला। पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सच्चाई सामने लाकर न केवल रकम बरामद कर ली, बल्कि शिकायतकर्ता की कहानी भी संदिग्ध पाई।
जानकारी के अनुसार, मल्लूपुरा निवासी मोहम्मद चांद पुत्र अफलातून ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उनके घर से दिनदहाड़े 12 लाख रुपये चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर किसी जबरन प्रवेश या चोरी के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने घर के अंदर ही गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें पूरी धनराशि सुरक्षित अवस्था में घर से ही बरामद हो गई। इससे स्पष्ट हो गया कि चोरी की घटना वास्तविक नहीं थी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब चार घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि दी गई सूचना भ्रामक थी, जिससे पुलिस को अनावश्यक रूप से गुमराह किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झूठी सूचना देने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group