मुजफ्फरनगर। जनपद की थाना नई मंडी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी करीब 24 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमरजीत पुत्र रामकिशन, निवासी ग्राम मखियाली (हाल निवासी अमित विहार, कूकड़ा) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2002 से वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी दपुर पुलिया से धंधेड़ा मार्ग पर मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट में अतिरिक्त कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
