मथुरा। सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के लिए बनाई गई एक रील ने 20 वर्षीय युवक को सीधे जेल की सलाखों तक पहुंचा दिया। थाना खरीदने का दावा करने वाली वीडियो वायरल होने के बाद मथुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
मामला गोवर्धन थाना क्षेत्र के देवसेरस गांव का है। पुलिस के अनुसार आरोपी रॉबिन पुत्र महेश (उम्र लगभग 20 वर्ष) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील अपलोड की थी, जिसमें वह कथित तौर पर कह रहा था कि “कुछ हजार रुपये में पुलिसकर्मियों को और एक लाख रुपये में पूरा थाना खरीदा जा सकता है।” वीडियो तेजी से वायरल हुई तो पुलिस हरकत में आई।
थाना उत्तर प्रदेश पुलिस के गोवर्धन प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि साइबर निगरानी के दौरान वीडियो की पुष्टि की गई। गुरुवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गांठौली-देवसेरस बंबा पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की छवि को धूमिल करने वाले तथा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि लाइक्स और फॉलोअर्स की होड़ में कानून से खिलवाड़ न करें, अन्यथा कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group