मुजफ्फरनगर, 10 अप्रैल 26। थाना रतनपुरी पुलिस ने शुक्रवार को नंगला पिटलोखर मार्ग पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में गौकशी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रुकने का संकेत दिया गया। चालक ने संकेत अनदेखा कर कार दौड़ा दी। पीछा करने पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।
भागते समय कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागे और फायरिंग करते रहे। घेराबंदी कर पुलिस ने मनसाद उर्फ सोना को घायल हालत में काबू कर लिया, जबकि उसके साथी शाहनवाज उर्फ बल्ला को मौके से दबोच लिया गया।
तलाशी में पुलिस को .315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, एक छुरी, बिना नंबर की कार, एक जिंदा बछड़ा और गोकशी के औजार मिले हैं।
पुलिस के अनुसार मनसाद उर्फ सोना पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। शाहनवाज उर्फ बल्ला भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महादिक, सीओ बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
