मुजफ्फरनगर, 10 अप्रैल 2026। जनपद के किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 15 अप्रैल 2026 (तृतीय बुधवार) को किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से जनपद स्तर पर जिला पंचायत सभा कक्ष में तथा विकास खण्ड स्तर पर सभी खण्ड विकास अधिकारी कार्यालयों के सभाकक्षों में एक साथ आयोजित होगा।
उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में अप्रैल माह का किसान दिवस विशेष रूप से किसानों की समस्याओं के निस्तारण पर केंद्रित रहेगा।
कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, सिंचाई, सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। किसान अपनी कृषि संबंधी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी किसानों को प्रदान की जाएगी।
जनपद के सभी विभागीय अधिकारियों एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित रहकर किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें तथा अपने विभाग की योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाएं।
प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान दिवस में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।
