सहारनपुर। जनपद के नागल थाना क्षेत्र में झबरेड़ा रोड स्थित निर्माणाधीन पुल के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बजरी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आकर पास में सो रहे मजदूर दब गए। इस घटना में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक निर्माण कार्य के लिए सामग्री लेकर मिर्जापुर क्षेत्र से खेड़ा मुगल की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन झबरेड़ा रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया। उसी दौरान पास में विश्राम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे दबे सभी मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक के दस्तावेज सही पाए गए हैं, लेकिन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
