मुजफ्फरनगर, 10 अप्रैल 2026। जनपद में कुक्कुट पालन को बढ़ावा देने और नए निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय जनपद स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव / कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम कुक्कुट पालकों और इस क्षेत्र में रुचि रखने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में सरकार की कुक्कुट विकास नीति-2022 के तहत चलाई जा रही योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाएगी। साथ ही आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से पोल्ट्री फार्म चलाने के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा, जिससे लोग कम लागत में बेहतर मुनाफा कमा सकें। कार्यक्रम में कुक्कुट पालकों की समस्याओं को भी सुना जाएगा और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि जो लोग पोल्ट्री व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उन्हें इस सम्मेलन के माध्यम से सरकारी योजनाओं में आवेदन करने की सुविधा भी दी जाएगी। इससे नए उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने में मदद मिलेगी और जनपद में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में भाग लेने के इच्छुक लोग मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, मुजफ्फरनगर (द्वितीय तल) पर किसी भी कार्य दिवस में जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम की तिथि और समय की जानकारी पंजीकरण के बाद दी जाएगी।
यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। प्रशासन ने अधिक से अधिक कुक्कुट पालकों और इच्छुक लोगों से इस सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
