
मुजफ्फरनगर, 10 अप्रैल 2026। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने इस अवसर पर जनपद के सभी छह मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं सचिवों को मतदाता सूची की एक-एक प्रति सॉफ्ट कॉपी एवं हार्ड कॉपी के रूप में उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर किए गए इस व्यापक पुनरीक्षण के बाद अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा सभी मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह की अवधि तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। इस दौरान कोई भी मतदाता अपने या अपने परिजनों का नाम सूची में जाकर देख सकता है, जिससे किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति होने पर समय रहते आवश्यक कार्यवाही कराई जा सके।
पुनरीक्षण के बाद जनपद की सभी छह विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की संख्या में बदलाव दर्ज किया गया है। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3 लाख 61 हजार 405 पहुंच गई है, जबकि चरथावल में यह संख्या 3 लाख 13 हजार 58 हो गई है। पुरकाजी में कुल 3 लाख 8 हजार 413 मतदाता दर्ज किए गए हैं, वहीं मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 11 हजार 887 मतदाता सूची में शामिल हैं। खतौली में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 99 हजार 570 तथा मीरापुर में 2 लाख 99 हजार 6 दर्ज की गई है।
जिले में कुल 873 मतदान केंद्र एवं 2235 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिन पर 2235 बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान कुल 1 लाख 33 हजार 920 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 12 हजार 352 नाम विभिन्न कारणों से सूची से हटाए गए। इसके परिणामस्वरूप जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 18 लाख 93 हजार 339 हो गई है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची को ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया गया है। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर भी अपना नाम जांच सकते हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार उसका संशोधन कराएं, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का सही तरीके से उपयोग कर सके।
