मुजफ्फरनगर, 10 अप्रैल 2026। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शुक्रवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए।
सबसे पहले सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी सेवाएं उच्च स्तर पर संचालित हों और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद जिला चिकित्सालय परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का भी निरीक्षण किया गया। यहां कुपोषित बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, देखभाल व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की गई। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की देखभाल और पोषण स्तर में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जाए।
निरीक्षण अभियान की खास बात यह रही कि डॉ. तेवतिया ने जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग (ऑर्थोपेडिक) में स्वयं ओपीडी संभाली। उन्होंने मरीजों का परीक्षण किया, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। सीएमओ को सीधे इलाज करते देख मरीजों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की शिकायत हो तो वे “जन शिकायत” मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group