मुजफ्फरनगर। शिव चौक के पास गोल मार्केट में स्थित मैक्स कम्युनिकेशन दुकान पर महिला चोर गैंग की चालाकी सामने आई है। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से दुकानदारों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, चार बुर्का पहने महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में आईं। उन्होंने सामान देखने के बहाने दुकानदार को बातों में उलझा लिया। इसी दौरान एक महिला ने चुपके से काउंटर पर रखा पर्स उठा लिया और सभी वहां से निकल गईं।
दुकानदार के अनुसार, पर्स में नकदी और कुछ जरूरी कागज थे, जिसकी कीमत करीब 1500–1600 रुपये बताई जा रही है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें महिलाओं की हरकत साफ दिखाई दे रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
