मुजफ्फरनगर, 11 अप्रैल 2026। जनपद में 13 अप्रैल को आयोजित होने वाले रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिलाधिकारी आवास स्थित न्यू सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) और इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रधानाचार्यों व अध्यापकों को निर्देशित किया कि रोजगार मेले से जुड़ी सभी तैयारियां अपने स्तर पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद भ्रमण प्रस्तावित है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि मेले में आने वाले युवक-युवतियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थल पर पुरुष एवं महिला शौचालयों की अलग-अलग व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था तथा सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, प्रतिभागियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए और सभी व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण भी किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, आईटीआई प्रिंसिपल मुकेश प्रताप सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग एवं कल्याण अधिकारी शक्ति शरण श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group