
मुजफ्फरनगर, 11 अप्रैल 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को कार्यक्रम स्थल नुमाइश मैदान का उच्च अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त रूपेश कुमार, मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर, सहारनपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने पंडाल, मंच, स्टॉल सहित पूरे कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को परखा।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, एडीएम वित्त गजेंद्र कुमार, एसपी सिटी अमृत जैन, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
जिला प्रशासन ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

