मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर मोहल्ले में देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों के बीच रसोई में रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे कमरे की छत भरभराकर नीचे गिर पड़ी। गनीमत रही कि घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित घर से बाहर थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात को मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना तेज था कि मकान के एक हिस्से की छत ध्वस्त हो गई और ईंटें बाहर आ गिरीं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान मालिक किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे, जिससे जनहानि टल गई। आग से घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य वस्तुएं जलकर राख हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group