मुजफ्फरनगर, 12 अप्रैल 2026। जनपद में 13 अप्रैल को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कार्यक्रम स्थलों के आसपास की चिकित्सा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम नुमाइश ग्राउंड और अहिल्याबाई चौक पर होने हैं, जिन्हें देखते हुए दोनों स्थानों के निकट सेफ हाउस की विशेष व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान नुमाइश ग्राउंड के पास स्थित संतोष हॉस्पिटल में बनाए गए सेफ हाउस का बारीकी से जायजा लिया गया। यहां उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस सेवाओं, चिकित्सकों की तैनाती और साफ-सफाई व्यवस्था को परखा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
इसके बाद अहिल्याबाई चौक के समीप जिला चिकित्सालय में बनाए गए सेफ हाउस का निरीक्षण किया गया। यहां आपातकालीन सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों के त्वरित उपचार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में लापरवाही न हो और हर स्तर पर तत्परता बनी रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड का भी गहन अवलोकन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 24 घंटे सतर्कता के साथ सेवाएं संचालित करने, जीवनरक्षक दवाओं और उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा सभी चिकित्सकीय स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने के सख्त निर्देश दिए।
डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सीय आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से मजबूत और सक्रिय रहनी चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
