मुजफ्फरनगर। शहर के शहाबुद्दीनपुर क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां लाइसेंसी बंदूक की सफाई के दौरान चली गोली ने एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान आदित्य चौहान पुत्र मोहकम चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे घर के अंदर से अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिजन कमरे की ओर दौड़े, जहां आदित्य गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि युवक लाइसेंसी असलाह की सफाई कर रहा था, इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
